भारत और वियतनाम ने 2030 तक 25 अरब डॉलर के नए व्यापार लक्ष्य पर सहमति जताई है। दोनों देश, द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और तकनीकी साझेदारी को बढ़ाने के लिए सरकारों और व्यवसायों के स्तर पर सहयोग को मजबूत करने पर विचार कर रहे हैं। भारत और वियतनाम के बीच उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर संयुक्त वक्तव्य में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने आज संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी तरीके से द्विपक्षीय व्यापार को और बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आज नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के पूर्वी मामलों के सचिव पी. कुमारन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति तो लाम ने आतंकवाद, अंतरराष्ट्रीय अपराध, धनशोधन और ऑनलाइन घोटालों के बढ़ते खतरों को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति तो लाम ने आतंकवाद और आतंकवाद विरोधी सहयोग के मुद्दे पर वियतनाम के समर्थन से अवगत कराया और प्रधानमंत्री ने पहलगाम हमले पर वियतनाम के मजबूत समर्थन के लिए आभार प्रकट किया।
रक्षा सहयोग पर, श्री कुमारन ने कहा कि दोनों देश टू-प्लस-टू संवाद स्थापित करने पर विचार कर रहे हैं, जिसमें दोनों पक्षों के विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स की सदस्य कंपनियों ने वियतनाम द्वारा रक्षा खरीद के अवसरों को तलाशने और उनकी जरूरतों को समझने के लिए इस वर्ष मार्च में वियतनाम का दौरा किया था।