मौसम विभाग ने कल तक गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना व्यक्त की है। असम और मेघालय में मूसलाधार वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र और सिक्किम में भी कल तेज बारिश हो सकती है। बिहार और उत्तराखंड में भी कल 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ आंधी आने की संभावना है।
इस पूरे सप्ताह राजस्थान के कुछ स्थानों पर रात में गर्म मौसम रहने की उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जबकि जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में आज सुबह हल्की बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण पूरे क्षेत्र में तापमान में गिरावट आई है। पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश और ओलावृष्टि के कारण राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा है।
इस बीच, शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश, ओलावृष्टि और गरज के साथ तूफान आने का अनुमान व्यक्त किया है।