विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कल आबुधाबी में भारत, फ्रांस और संयुक्त अरब अमीरात के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक में भाग लिया। बैठक में संयुक्त अरब अमीरात के अंतर्राष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री रीम अल हाशमी और फ्रांस के विदेश कार्य महासचिव मार्टिन ब्रायन्स शामिल हुए।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि तीनों देशों ने स्पष्ट समय सीमा में भागीदारी मजबूत करने की कार्ययोजना पर सहमति व्यक्त की। यात्रा के दौरान श्री मिस्री ने निवेश सहयोग के बारे में संयुक्त अरब अमीरात की निवेश कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी से भी भेंट की।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात ने इस वर्ष जनवरी में राष्ट्रपति शेख मुहम्मद बिन जायद अल नह्यान और फरवरी में अबुधाबी के युवराज शेख खालिद बिन मुहम्मद बिन जायद अल-नह्यान की भारत यात्रा के दौरान हुए फैसलों की प्रगति का भी जायजा लिया।