विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने संयुक्त अरब अमीरात के अंतर्राष्ट्रीय सहयोग राज्यमंत्री और भारत के लिए विशेष दूत रीम अल हाशिमी के साथ अबुधाबी में बैठक की। दोनों नेताओं ने भारत-संयुक्त अरब अमीरात व्यापक कार्यनीतिक साझेदारी और परस्पर हित के वैश्विक मुद्दों की समीक्षा की।
विदेश मंत्रालय के अनुसार दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, वित्त प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति और जन संपर्क क्षेत्र में हुई प्रगति पर विचार-विमर्श किया। इस वर्ष जनवरी में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मुहम्मद बिन जायद अल नह्यान और फरवरी में अबुधाबी के युवराज शेख खालिद बिन मुहम्मद बिन जायद अल नह्यान की भारत यात्रा के दौरान लिए गए निर्णयों पर हुई प्रगति का भी जायजा लिया गया।
श्री मिस्री ने भारत, फ्रांस और संयुक्त अरब अमीरात के बीच अबुधाबी में हुई त्रिपक्षीय बैठक में भी भाग लिया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि तीनों देशों ने परस्पर साझेदारी मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।