मई 7, 2026 6:17 अपराह्न

printer

वित्तीय सेवा सचिव एम. नागराजू बोले- चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था और बैंकिंग क्षेत्र मजबूत

वित्तीय सेवा सचिव श्री एम. नागराजू ने आज कहा कि विभिन्न चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था अच्छी तरह से विकास कर रही है और बैंकिंग क्षेत्र स्थिर बना हुआ है। मुंबई में आयोजित इंडियन बैंक्स एसोसिएशन- आईबीए के जोखिम प्रबंधन शिखर सम्मेलन में मुख्य भाषण में श्री नागराजू ने कहा कि बैंकों को अपने सभी कार्यों में जोखिम प्रबंधन को शामिल करना चाहिए।

वैश्विक शुल्क मुद्दों और भू-राजनीतिक संघर्षों जैसी बढ़ती अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूत प्रगति की सराहना की। श्री नागराजू ने कहा कि जोखिम संस्कृति को और मजबूत करने से भारतीय बैंकिंग क्षेत्र को वैश्विक अनिश्चितता के युग में एक निर्णायक प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी।

श्री नागराजू ने उभरती साइबर चुनौतियों से ग्राहकों की सुरक्षा के महत्व का उल्लेख किया। श्री नागराजू ने कहा कि बैंकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ग्राहकों, विशेष रूप से छोटे व्यवसायों वरिष्ठ नागरिकों, पहली बार डिजिटल उपयोगकर्ताओं और संवेदनशील वर्गों को पर्याप्त सुरक्षा मिले।

सचिव ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कार्यकारी नेतृत्व की भी प्रशंसा की, जिन्होंने गैर-निष्पादित परिसंपत्तियाँ- एनपीए को व्यवस्थित रूप से कम किया है और कृषि, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम तथा कॉरपोरेट क्षेत्रों में ऋण वृद्धि को बढ़ावा दिया है।