अप्रैल 19, 2026 9:30 अपराह्न

printer

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण से पहले चुनाव प्रचार तेज

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में विभिन्‍न राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेताओं की जनसभाओं, रैलियों और रोडशो से चुनाव प्रचार तेज हो गया है।

भारतीय जनता पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राज्‍य में आज पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, पुरूलिया और बिष्‍णुपुर जिलों में कई रैलियां कीं। श्री मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की डबल इंजिन सरकार राज्‍य की महिलाओं को दोहरे लाभ देगी। उन्‍होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और समृद्धि उनकी पार्टी की शीर्ष प्राथमिकताएं हैं। उन्‍होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के साथ गठजोड करके तृणमूल कांग्रेस विधानमंडलों में महिलाओं के ज्‍यादा प्रतिनिधित्‍व को रोक रही है।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार घुसपैठियों के पक्ष में राजनीति कर रही हैं जो स्‍थानीय आबादी पर भारी पडती है। श्री मोदी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेता राज्‍य में कई स्‍थानों पर आदिवासियों की भूमि पर अवैध कब्‍जा कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की तृणमूल सरकार स्‍वास्‍थ्‍य और शिक्षा को प्राथमिकता नहीं दे रही है।

भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने जलपाईगुडी जिले में रोडशो किया। पार्टी नेता और त्रिपुरा के मुख्‍यमंत्री माणिक साहा ने मुर्शिदाबाद जिले के जि़यागंज और कांडी में रोडशो किया।

तृणमूल कांग्रेस अध्‍यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने हुगली जिले के ताड़केश्‍वर और पूर्व बर्धमान जिले के काल्‍ना में जनसभाएं की। उन्‍होंने बाद में बर्धमान में भी रोड शो किया। सुश्री ममता बनर्जी ने कहा कि यदि भाजपा राज्‍य में सत्‍ता में आती है तो वह तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई सभी कल्‍याणकारी योजनाओं को वापस ले लेगी। उन्‍होंने भाजपा के नेतृत्‍व में केन्‍द्र सरकार पर लोकसभा में पेश परिसीमन विधेयक को महिला आरक्षण से जोडने का आरोप लगाया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने आरोप लगाया कि यदि महिला आरक्षण विधेयक सितम्‍बर-2023 में पारित हो गया था तो केन्‍द्र सरकार ने इसे लागू क्‍यों नहीं किया।

कांग्रेस, वामदल और अन्‍य राजनीतिक दल भी अब पश्चिम बंगाल में पूरी सक्रियता के साथ चुनाव प्रचार कर रहे हैं। राज्‍य में दो चरणों में, इस महिने की 23 और 29 तारीख को मतदान होगा।