सरकार ने बताया है कि देशभर में घरेलू एलपीजी वितरण सामान्य रूप से जारी है और किसी भी एलपीजी वितरक के यहां आपूर्ति में कमी की कोई खबर नहीं मिली है। नई दिल्ली में आयोजित अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार खाना पकाने के लिए घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को शत प्रतिशत और व्यावसायिक सिलेंडर उपभोक्ताओं को 70 प्रतिशत तक आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। सुश्री शर्मा ने कहा कि कल उद्योग के आधार पर ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग में 99 प्रतिशत की वृद्धि हुई और पिछले दो दिनों में लगभग 88 लाख 82 हजार एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग हुई। इनमें से लगभग 87 लाख 28 हजार एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए।
उन्होंने यह भी बताया कि लगभग 95 प्रतिशत एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड के माध्यम से की जा रही है। संयुक्त सचिव ने बताया कि लगभग 6 लाख 31 हजार नए पीएनजी कनेक्शनों को गैसीकृत किया गया है और अतिरिक्त दो लाख 67 हजार कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढांचा भी तैयार किया गया है। संयुक्त सचिव ने कहा कि अब तक 6 लाख 93 उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शनों के लिए पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि 49 हजार से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने स्वेच्छा से अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दिए हैं।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि पिछले दो दिनों में 5 किलोग्राम एफटीएल सिलेंडरों की कुल बिक्री लगभग एक लाख दो हजार रही। मंत्रालय ने यह भी बताया कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए देश भर में कार्रवाई जारी है और कल देश भर में दो हजार एक सौ से अधिक छापे मारे गए। सुश्री सुजाता शर्मा ने यह भी बताया कि परिचालन और खुदरा दुकानें सामान्य रूप से चल रही हैं।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने कहा है कि क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 48 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई घटना दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने यह बताया कि भारतीय नाविकों को ले जा रहे किसी भी विदेशी ध्वज वाले जहाज पर भी कोई घटना नहीं हुई है। श्री शर्मा ने बताया कि जहाजरानी महानिदेशालय में स्थापित नियंत्रण केंद्र ने अब तक आठ हजार 570 कॉल और 18 हजार 732 से अधिक ईमेल का निपटान किया है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने जहाजरानी महानिदेशालय के माध्यम से खाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से दो हजार 999 से अधिक नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में सहायता की है, जिनमें पिछले दो दिनों में स्वदेश वापसी करने वाले 23 नाविक शामिल हैं। श्री शर्मा ने बताया कि देशभर में बंदरगाह संचालन सामान्य है और कहीं भी भीड़भाड़ की सूचना नहीं है।
विदेश मंत्रालय में स्थापित विशेष नियंत्रण कक्ष भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों के प्रश्नों का उत्तर देने के लिए कार्यरत है। सरकार ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए अतिरिक्त उड़ानों के संचालन से समग्र उड़ान स्थिति में सुधार हो रहा है। इसके अलावा, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भूमि सीमा मार्गों के माध्यम से ईरान से दो हजार 520 भारतीय नागरिकों की आवाजाही में सहायता की। मंत्रालय ने कहा कि वह खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों पर निरंतर नजर रख रहा है और क्षेत्र में भारतीय समुदाय की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।