दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं को समझने और उनका समाधान करने का प्रभावी माध्यम है। श्रीमती गुप्ता ने अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुनवाई से प्राप्त प्रतिक्रियाओं के आधार पर नीतियां और योजनाएं अधिक लोक केंद्रित बनती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शालीमार बाग को आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत सड़कों का सुदृढ़ीकरण, निर्बाध जल आपूर्ति, अटल कैंटीन की स्थापना, आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों का विस्तार, वॉटर एटीएम, पार्कों का आधुनिकीकरण और बेहतर पार्किंग जैसी सुविधाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, वहीं, लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।