रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया पर अपने संदेश में राजनाथ सिंह ने कहा कि गुरुदेव टैगोर ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत किया और भारत की सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। राजनाथ सिंह ने टैगोर को महान साहित्यकार, गहरे चिंतक और संगीत के ज्ञाता बताते हुए कहा कि उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि गुरुदेव टैगोर ने साहित्य, संगीत और दर्शन के माध्यम से स्वतंत्रता की भावना को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि टैगोर की रचनाएं मानवता, भाईचारे और संवेदनशीलता का संदेश देती हैं। ‘गीतांजलि’ ने मानवता और आध्यात्म को नई राह दिखाई, जबकि ‘जन गण मन’ ने देश की एकता और सम्मान को स्वर दिया।