केंद्रीय संचार और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने आज शिलांग स्थित उत्तर पूर्वी पहाड़ी विश्वविद्यालय में भारतीय डाक के 100वें एन-जेन डाकघर का वर्चुअल रूप से उद्घाटन किया। यह सुविधा छात्रों, शिक्षकों और परिसर में रहने वाले निवासियों की सेवा के उद्देश्य से एक आधुनिक, युवा-केंद्रित डाक केंद्र के रूप में विकसित की गई है। श्री सिंधिया ने कहा कि भारतीय डाक एक युवा और गतिशील राष्ट्र की आकांक्षाओं के अनुरूप विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि एन-जेन पहल पारंपरिक डाकघरों को जीवंत, डिजिटल रूप से सक्षम और नागरिक-केंद्रित सेवा केंद्रों में बदलने के व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाती है।
श्री सिंधिया ने कहा कि यह पहल युवाओं तक पहुंच बनाने पर केंद्रित है, जिसके तहत ऐसे डाकघर शैक्षणिक संस्थानों के भीतर स्थापित किए जा रहे हैं जिससे छात्र-अनुकूल वातावरण बनाया जा सके। ये सुविधाएं मुफ्त वाई-फाई, क्यूआर-आधारित बुकिंग और भुगतान प्रणाली, समर्पित छात्र सेवा काउंटर और रियायती पार्सल तथा डाक सेवाओं सहित आधुनिक सुविधाएं प्रदान करती हैं, साथ ही पत्र लेखन की परंपरा को भी बढ़ावा देती हैं।