पश्चिम एशिया में दो सप्ताह से जारी युद्धविराम आज काफी हद तक कायम रहा। क्षेत्र भर में हमलों की संख्या में कमी आई। हालांकि संघर्ष के मौजूदा चरण में लेबनान पर इस्राएल के सबसे बड़े हमलों के बाद तनाव बढ़ गया। इस्राएली हवाई हमलों में बेरूत और दक्षिणी लेबनान के घनी आबादी वाले इलाकों में सैकड़ों लोगों के मारे जाने या घायल होने की खबर है। इसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक निंदा हुई है। ईरान का कहना है कि लेबनान युद्धविराम समझौते का हिस्सा है जबकि अमरीका और इस्राएल का कहना है कि यह युद्धविराम केवल अमरीका-ईरान के बीच सीधे टकराव पर लागू होता है। हिजबुल्लाह ने भी इस्राएली सीमावर्ती समुदायों की ओर रॉकेट दागे, जिससे उत्तरी इस्राएल में सायरन बजने लगे। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ पूर्ण समझौता होने तक अमरीका की सेनाएं तैनात रहेंगी। इस बीच, इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संकेत दिया कि उत्तरी इस्राएल के निवासियों की सुरक्षा बहाल होने तक हिजबुल्लाह के खिलाफ अभियान जारी रहेंगे।
News On AIR | अप्रैल 9, 2026 8:09 अपराह्न | undreds killed in Israeli attacks
पश्चिम एशिया में युद्धविराम कायम, लेकिन तनाव बढ़ा, इस्राएली हमलों में सैकड़ों हताहत