अप्रैल 19, 2026 9:41 अपराह्न

printer

तमिलनाडु में विभिन्‍न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं की रैलियों के साथ प्रचार तेज

तमिलनाडु में मतदान नजदीक आने के साथ ही प्रमुख राजनीतिक दल रैलियों और रोड शो के माध्यम से राज्य भर में जनसमर्थन जुटाने का प्रयास कर रहे है।

   

भाजपा नेता और गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राज्य में चुनाव प्रचार जोर-शोर से जुटे हुए हैं। श्री शाह ने चेन्नई के मइलापुर में एक रैली को संबोधित किया और इरोड में रोड शो किया। उन्होंने लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के खिलाफ मतदान करने के लिए कांग्रेस और द्रमुक की आलोचना की। श्री शाह ने सत्तारूढ़ द्रमुक पर वंशवादी राजनीति, कथित भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था की समस्याओं को लेकर निशाना साधा।

   

तेनकासी जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित संशोधन विधेयक को लागू करने के लिए दृढ़ संकल्पित है और दुनिया की कोई भी शक्ति उन्हें रोक नहीं सकती। श्री सिंह ने आश्वासन दिया कि अगर एनडीए सत्ता में आता है, तो तिरुप्प्रांकुंड्रम में दीप प्रज्ज्वलन की परंपरा को जारी रखा जाएगा।

   

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने होसुर में जनसभा की। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने प्रस्तावित परिसीमन का विरोध किया है क्योंकि इसका उद्देश्य विपक्षी दलों और सत्ताधारी दलों के वोटों को बांटना है। कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई (एम) और अन्य सहित द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन के सदस्यों से एकता का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे हाथ की दस उंगलियों की तरह एकजुट हैं और मुख्यमंत्री स्टालिन के नेतृत्व में एक साथ चुनाव लड़ रहे हैं।

     

23 अप्रैल को एक चरण में होने वाले चुनाव में राज्य के 234 निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवारों का भाग्य पांच करोड़ से अधिक मतदाता तय करेंगे।