अप्रैल 14, 2026 9:11 अपराह्न

printer

प. बंगाल को विभाजित किए बिना दार्जिलिंग पहाड़‍ियों के गोरखा मुद्दे का समाधान देंगे: केन्‍द्रीय गृहमंत्री और भाजपा नेता अमित शाह

केन्‍द्रीय गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने आज कहा कि भाजपा पश्‍चिम बंगाल को विभाजित किए बिना दार्जिलिंग पहाड़‍ियों के गोरखा मुद्दे का समाधान देगी। दक्षिण दिनाजपुर के उत्तर बंगाल जिले के गंगारामपुर में एक चुनावी रैली को सम्‍बोधित करते हुए श्री शाह ने वचन दिया कि भाजपा पश्‍चिम बंगाल में सरकार बनाने के बाद राजनीतिक हिंसा, सिंडीकेट राज और घुसपैठ की समस्‍या को समाप्‍त करेगी। उन्‍होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो पश्‍चिम बंगाल में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी।

गृहमंत्री ने कहा कि जनजातीय लोगों के विकास के लिए तृणमूल कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। उन्‍होंने कहा कि संविधान की आठवीं अनुसूची में राजबंशी भाषा को शामिल किया जाएगा।

रायगंज और मालदा में चुनावी रैली को सम्‍बोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी ने राज्‍य में युवाओं को रोजगार प्रदान करने के वचन को पूरा नहीं करने को लेकर तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की।

उन्‍होंने कहा कि मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने पांच लाख युवाओं को रोजगार देने का वचन दिया था, लेकिन 84 लाख युवाओं ने बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन किया है। श्री गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को असंवैधानिक बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा को जहां कही भी मौका मिलता है वह संविधान के विरूद्ध काम करती है।