मई 9, 2026 10:10 अपराह्न

printer

असम: अमरीका भेजी गई 20 मीट्रिक टन शहद की पहली खेप, ग्रामीण आजीविका को मिलेगी मजबूती

कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीईडीए) ने आज असम के बक्सा जिले से अमरीका को 20 मीट्रिक टन शहद की पहली खेप का निर्यात किया। एपीईडीए के प्रसंस्करण संयंत्र में परीक्षण और प्रयोगशाला उपकरण उपलब्ध कराने सहित बुनियादी ढांचे के विकास में सहयोग से यह निर्यात संभव हुआ।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि इस पहल से स्थानीय मधुमक्खी पालकों और किसानों को लाभ होने की उम्मीद है। इससे उत्पादकों को स्थानीय मूल्य की तुलना में लगभग 43 प्रतिशत अधिक मूल्य प्राप्त होगा। मंत्रालय ने कहा कि इससे आय के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र में ग्रामीण आजीविका मजबूत होगी।

एपीईडीए ने भारत को वैश्विक बाजारों में उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उत्पादों के विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता के रूप में स्थापित करने के लिए किसान-नेतृत्व वाले निर्यात को बढ़ावा देने, गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और ओडीपी जैसी पहलों का समर्थन करने की प्रतिबद्धता दोहराई।