स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने बताया है कि स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत देशभर में अब तक नौ लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाये गये हैं। नई दिल्ली में आज एक निजी समाचार चैनल द्वारा आयोजित स्वास्थ्य सम्मेलन में श्री नड्डा ने बताया कि अब तक तीन करोड 60 लाख से अधिक लोगों की जाँच हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि दो अक्तूबर तक जांच की संख्या चार करोड़ को पार करने की संभावना है। श्री नड्डा ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल में, देश का स्वास्थ्य दृष्टिकोण, उपचारात्मक दृष्टिकोण से हटकर एक समग्र मॉडल की ओर बढ़ गया है।