मई 12, 2026 4:34 अपराह्न

printer

सीबीआई ने पंजाब सतर्कता ब्यूरो अधिकारियों से जुड़े 20 लाख रुपये रिश्वत मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया

केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने पंजाब सतर्कता ब्यूरो के अधिकारियों से जुड़े 20 लाख रुपये के कथित रिश्वत मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी, पंजाब सतर्कता विभाग के पुलिस महानिदेशक  का रीडर ओ.पी. राणा फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

ये गिरफ्तारियां पंजाब राज्य के एक कर अधिकारी की शिकायत के बाद की गईं हैं।  उन्होंने आरोप लगाया था  कि आरोपियों ने पंजाब के  सतर्कता विभाग के पुलिस महानिदेशक कार्यालय में उनके खिलाफ लंबित शिकायत को बंद कराने के बदले  रिश्वत की मांग की थी। सीबीआई के अनुसार, मुक्तसर जिले के मलोट के दो आरोपी कथित तौर पर रीडर ओ.पी. राणा सहित वरिष्ठ सतर्कता अधिकारियों के लिए मध्यस्थ के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया था कि रिश्वत की राशि का भुगतान करने के बाद मामला सुलझ जाएगा।

सीबीआई, इस व्यापक भ्रष्टाचार रैकेट में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है। इससे पहले, एजेंसी ने कल देर रात मोहाली स्थित पंजाब सतर्कता ब्यूरो कार्यालय पर छापा मारा था।