लोकसभा की कार्यवाही विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू किया लेकिन विपक्षी सदस्य बिहार में मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग करते हुए नारेबाजी करते हुए सदन के बीचोंबीच आ गये।
श्री बिरला ने विपक्ष से प्रश्नकाल शुरू करने की अपील की। उन्होंने सदन में व्यवधान डालने और तख्तियां दिखाने पर चिंता व्यक्त की तथा विपक्षी सदस्यों से अपनी सीट पर वापस जाने का आग्रह किया। श्री बिरला ने कहा कि विपक्षी सदस्य जो मुद्दे उठाना चाहते हैं वे प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद नियमों के अंतर्गत उन्हें बोलने की अनुमति देंगे, लेकिन इसके बावजूद विपक्षी सदस्यों का विरोध जारी रहा। हंगामा जारी रहने पर लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
हंगामे के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने देश में सी एन जी की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी।