अप्रैल 27, 2026 10:13 अपराह्न

printer

रूस के राष्ट्रपति ने ईरान को समर्थन का भरोसा दिया, पश्चिम एशिया में शांति पर जोर

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान को समर्थन देने का वादा किया है और क्षेत्रीय संकट के बीच पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने पर जोर दिया है। श्री पुतिन ने सेंट पीटर्सबर्ग में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ बैठक के दौरान ये बातें कहीं। ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार श्री पुतिन ने स्थिरता को बढ़ावा देने में ईरान और अन्य क्षेत्रीय देशों को समर्थन देने के लिए रूस की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ईरान के लोग वर्तमान कठिन परिस्थिति से उबर जाएंगे और जल्द ही शांति बहाल होगी।

श्री अराघची ने कहा कि ईरान और रूस ने क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों मुद्दों पर बातचीत की। उन्‍होंने कहा कि उनकी इस यात्रा का उद्देश्य क्षेत्रीय तनाव से संबंधित हाल के घटनाक्रमों पर चर्चा करना और रूस के साथ समन्वय स्थापित करना है।

श्री अराघची व्यापक क्षेत्रीय परामर्श के अंतर्गत पाकिस्तान और ओमान की यात्रा के बाद रूस पहुंचे। इस दौरान वह रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ भी बातचीत कर सकते हैं।