जुलाई 24, 2025 1:58 अपराह्न

printer

राज्यसभा में उज्ज्वल निकम ने सदस्यता की शपथ ली, सदन ने छह सेवानिवृत्त सदस्यों को दी विदाई

राज्‍यसभा के उपसभापति हरिवंश ने मनोनीत सदस्‍य उज्‍ज्‍वल निकम को आज शपथ दिलाई। उन्‍होंने मराठी भाषा में शपथ ली। श्री हरिवंश ने यह भी बताया कि उन्‍हें बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण और देश में साइबर धोखाधड़ी सहित विभिन्‍न मुद्दों से जुड़े राजनीतिक दलों से 30 स्‍थगन प्रस्‍ताव मिले हैं लेकिन नियमों का हवाला देते हुए प्रस्‍तावों को खारिज कर दिया गया। सदन ने आज सेवा निवृत्‍त हो रहे तमिलनाडु के छह सदस्‍यों को विदाई भी दी। इनमें डीएमके के एम मोहम्मद अब्दुल्ला, एम षणमुगम और पी विल्सन, आल इंडिया अन्‍ना डीएमके के एन चंद्रशेखरन, एमडीएमके के वाइको और पीएमके के अंबुमणि रामदास शामिल हैं। हालांकि, श्री विल्सन पुनः निर्वाचित हुए हैं और उनका कार्यकाल कल से शुरू होगा।

 

श्री हरिवंश ने कहा कि इनमें से प्रत्‍येक सदस्‍य ने सदन में हुई चर्चा में सार्थक योगदान दिया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री और सदन के नेता जे पी नडडा ने उनके सदन के अंदर और बाहर अमूल्‍य योगदान की सराहना की।

 

इसके बाद श्री हरिवंशन ने प्रश्‍नकाल शुरू किया लेकिन विपक्षी सदस्‍यों ने अपने अपने मुद्दों पर नारेबाजी शुरू कर दी। उपसभापति ने सदन के सुचारू संचाचन की अपील की लेकिन हंगामा जारी रहने पर उन्‍होंने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी।