प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मालदीव की अपनी राजकीय यात्रा को अत्यधिक सफल बताया है। श्री मोदी मालदीव की स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री है। मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने भी श्री मोदी के दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह द्विपक्षीय संबंधों के भविष्य नया रूप देगा।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मुइज़्ज़ू ने प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि मालदीव की प्रगति में भारत एक महत्वपूर्ण साझेदार होगा।
भारत और मालदीव मत्स्य पालन, मौसम विज्ञान, डिजिटल अवसंरचना आदि सहित कई क्षेत्रों में समझौते करके अपने द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ कर रहे हैं। मालदीव के ढांचागत विकास के लिए भारत ने 4 हज़ार 850 करोड़ रुपये की एक नई ऋण सहायता की भी घोषणा की है। इसके अलावा, दोनों देशों ने आर्थिक संबंधों और द्विपक्षीय व्यापार को मज़बूत करने के उद्देश्य से एक मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत शुरू की।
इस वर्ष दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 60 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने स्मारक डाक टिकट जारी किए। दोनों देशों ने रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मज़बूत करने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा और आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में भारत के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू का आभार व्यक्त किया।