भारत और इस्राइल ने दीर्घावधि के लिए द्विपक्षीय रक्षा सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने कल नई दिल्ली में इस्राइल के रक्षा मंत्रालय में महानिदेशक मेजर जनरल आमिर बराम के साथ बैठक की। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बातचीत में रक्षा सहयोग मजबूत करने की रूपरेखा तैयार करने पर सहमति बनी। मेजर जनरल आमिर बराम ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की और आतंकवाद के खिलाफ संषर्घ में भारत को पूरे सहयोग आश्वासन दिया। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की भारत की नीति दोहराई तथा इस्राइल में 7 अक्तूबर 2023 को हुए आतंकी हमले की निंदा की और सभी बंधकों की रिहाई पर जोर दिया। दोनों पक्षों ने पिछले वर्ष जुलाई में भारत में हुई संयुक्त कार्य समूह पिछली बैठक के बाद जारी रक्षा सहयोग की समीक्षा की।
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि मेजर जनरल आमिर बराम की यात्रा भारत- इस्राइल रक्षा संबंधों में महत्वपूर्ण कदम है और इससे रणनीतिक साझेदारी बढ़ेगी।