सितम्बर 29, 2025 7:32 अपराह्न

printer

भारतीय सांख्यिकी सेवा, भारतीय कौशल विकास सेवाऔर केंद्रीय इंजीनियरिंग सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की

भारतीय सांख्यिकी सेवा- आईएसएस, भारतीय कौशल विकास सेवा- आईएसडीएस और केंद्रीय इंजीनियरिंग सेवा- सीईएस के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने आईएसएस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आँकड़ों से संचालित युग में सांख्यिकी का महत्‍व बढ़ गया है और इसमें इन अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

    राष्ट्रपति ने आईएसडीएस अधिकारियों से कहा कि कौशल और ज्ञान किसी भी राष्ट्र के आर्थिक विकास और सामाजिक प्रगति के सच्चे इंजन हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो देश उच्च कौशल कार्यबल विकसित करते हैं, वे वैश्विक चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना करते हैं और विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उभरते अवसरों का लाभ उठाने के लिए सक्षम होते हैं।

    राष्‍ट्रपति ने सीईएस अधिकारियों से बात करते हुए कहा कि इंजीनियर किसी राष्ट्र की तकनीकी प्रगति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और सरकार द्वारा बडे पैमाने पर बुनियादी ढांचा विकास पर दिए जा रहे ध्‍यान से इंजीनियरिंग क्षेत्र में उल्‍लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। 

    राष्ट्रपति ने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग- सीपीडब्ल्यूडी जैसे संगठनों से इन पहलों के लिए तकनीकी आधार प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभाने का भी आग्रह किया।