राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग- एनएचआरसी ने पंजाब के मुख्य सचिव, होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अधीन पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन के मुख्य विस्फोटक नियंत्रक को नोटिस जारी किए हैं। ये नोटिस पंजाब के होशियारपुर के एक गाँव में एलपीजी टैंकर विस्फोट की घटना के पीड़ितों के संबंध में जारी किए गए हैं। आयोग ने इस मामले पर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
मानवाधिकार आयोग ने उस मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें कहा गया है कि घटना के एक महीने बाद भी प्रभावित परिवार अपने घरों और दुकानों के पुनर्निर्माण के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई और कई संपत्तियों को नुकसान पहुँचा।