नई दिल्ली नगरपालिका परिषद- एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आज मॉनसून से पहले परिषद क्षेत्र में जलभराव रोकने की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने भारती नगर, गोल्फ लिंक, तुगलक लेन और पंडारा रोड समेत कई क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। श्री चहल के अनुसार, परिषद ने पहले चरण में 31 मार्च तक शत-प्रतिशत डी-सिल्टिंग कार्य पूरा कर लिया है, वहीं, दूसरा चरण अगले महीने की 15 तरीख तक पूरा कर लिया जाएगा। पहले चरण में 8 हजार 913 मैनहोल की सफाई की जा चुकी है।
वहीं, कुलजीत सिंह चहल ने खान मार्केट क्षेत्र में भी सफाई और पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि खान मार्केट में ग्रेनाइट के फर्श बिछाने, फुटपाथ निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।