मई 12, 2026 8:36 अपराह्न

printer

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने पूर्वी दिल्ली के प्रधानाचार्यों के संवाद कार्यक्रम में भाग लिया

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने आज पूर्वी दिल्ली के ज़ोन-1 और ज़ोन-2 के प्रधानाचार्यों और प्रमुखों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान श्री सूद ने शिक्षा व्यवस्था, स्कूल का बुनियादी ढांचा, सुरक्षा और विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूल स्तर पर आने वाली चुनौतियों को सीधे समझना, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन के सुझाव प्राप्त करना है।

इस संबंध में श्री सूद ने कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों, खेल सुविधाओं, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों तथा डिजिटल शिक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। श्री सूद ने कहा कि दिल्‍ली सरकार का लक्ष्य केवल बेहतर परिणाम देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है। उन्‍होंने स्कूलों में अनुशासन, नियमित उपस्थिति, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया। श्री सूद ने जानकारी दी कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी के 38 हजार क्लासरूम्स को स्मार्ट क्लासरूम में परिवर्तित करना है। उन्‍होंने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम आगामी 11 दिनों तक लगातार आयोजित किया जाएगा।