केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में आगामी भारतीय अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव- आईआईएसएफ की तैयारियों की समीक्षा की। केन्द्रीय मंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और विभिन्न एजेंसियों में रसद योजनाओं, प्रदर्शनी के प्रारूप और कार्यक्रम के समन्वय की समीक्षा की। डॉ. सिंह ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे स्कूलों और अभिभावकों के लिए एक सतत जागरूकता अभियान शुरू करें ताकि इस वर्ष चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले इस महोत्सव के दौरान अधिक से अधिक लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके।
डॉ सिंह ने आईआईएसएफ कार्यक्रमों में स्टार्टअप्स को शामिल करके उन्हें आगे बढ़ाने और उनका मार्गदर्शन करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि स्टार्टअप्स को हाशिए पर नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि प्रदर्शनियों और सम्मेलनों में अग्रणी स्थान दिया जाना चाहिए।
मंत्रालय ने बताया कि आईआईएसएफ देश के सबसे बड़े विज्ञान आउटरीच प्लेटफार्मों में से एक है। इसमें विज्ञान को जनता के करीब लाने के लिए प्रदर्शनियों, युवा मंचों, स्टार्टअप मंडपों और इंटरैक्टिव विज्ञान थिएटर का मिश्रण है।