ईरान ने संकेत दिया है कि यदि अमरीका नाकाबंदी हटाए और युद्ध समाप्त करें, तो वह बदले में होर्मुज जल-डमरू-मध्य पर अपनी नाकाबंदी समाप्त कर सकता है। खबरों के अनुसार ईरान ने परमाणु कार्यक्रम के व्यापक मुद्दे पर बातचीत के अगले चरण में चर्चा करने का प्रस्ताव रखा है। दो क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया कि इस सप्ताहांत ईरान और पाकिस्तान के अधिकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद पाकिस्तान ने यह प्रस्ताव अमरीका को दिया।
अनिश्चित युद्धविराम के बीच अमेरिका और ईरान जलडमरूमध्य को लेकर आमने-सामने हैं। इससे दुनिया के पांचवें हिस्से का तेल और गैस का व्यापार होता है। अमरीका की नाकाबंदी का उद्देश्य ईरान को अपना तेल बेचने से रोकना है। इससे ईरान को राजस्व का नुकसान हो रहा है और साथ ही उसके उत्पादन को बंद करने की संभावना बन रही है क्योंकि उसके पास तेल भंडारण के लिए कोई जगह नहीं है। इस बीच, जलडमरूमध्य के बंद होने से अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प पर दबाव बढ़ गया है। महत्वपूर्ण मध्यावधि चुनावों से पहले तेल और गैसोलीन की कीमतें आसमान छू रही हैं।
इस बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता करने के लिए सेंट पीटर्सबर्ग पहुंच गए हैं। इस यात्रा को तेहरान और मॉस्को के बीच घनिष्ठ परामर्श का हिस्सा बताया जा रहा है। इसमें दोनों देश प्रमुख क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर समान रुख रखते हैं।