अप्रैल 30, 2026 12:41 अपराह्न

printer

अमेरिकी सेना: नाकेबंदी के तहत 42 जहाजों को ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने से रोका

अमरीकी सेना ने घोषणा की है कि उसके सुरक्षा बलों ने नाकेबंदी के तहत 42 जहाजों को ईरान के बंदरगाहों में प्रवेश या निकासी करने से रोका हैं। अमरीकी सेंट्रल कमांडर ब्रैड कूपर ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा है कि 41 टैंकर अब भी खड़े हुए हैं। इनमें लगभग 6 करोड़ 90 लाख बैरल तेल है, जिसका संभावित राजस्‍व 6 अरब अमरीकी डॉलर है। इससे तेल निर्यात से लाभ कमाने की ईरान की क्षमता बाधित होगी। उन्‍होंने नाकेबंदी को अत्‍यधिक प्रभावशाली बताते हुए कहा कि अमरीकी सेना इसको लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ईरान ने इसकी निंदा करते हुए इसे समुद्री डकैती की कार्रवाई बताया है। ईरान के मुख्‍य सैन्‍य कमान खातिम-अल-अंबिया केन्‍द्रीय मुख्‍यालय ने कहा है कि जब्‍ती के समय उसके सशस्‍त्र बलों ने हस्‍तक्षेप नहीं किया क्‍योंकि इन जहाजों पर चालक दल के परिजन सवार थे। ईरान ने अमरीकी द्वारा समुद्री कार्रवाई जारी रखने पर व्‍यावहारिक और अप्रत्‍याशित सैन्‍य कार्रवाई की चेतावनी दी है।