अप्रैल 28, 2026 9:45 अपराह्न

printer

अफगानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमले में 7 की मौत, 75 से अधिक घायल

अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में पाकिस्तान के हवाई हमले में सात लोगों के मारे जाने और 75 से अधिक के घायल होने की ख़बर है। हमलों में प्रांतीय राजधानी, असदाबाद और सरकानो ज़िले सहित कई स्थानों को निशाना बनाया गया। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, कई आवासीय क्षेत्रों और सैयद जमालुद्दीन अफगान विश्वविद्यालय पर हमले हुए।

अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में मोर्टार के गोले गिरने से करीब तीस विद्यार्थी और कर्मचारी घायल हो गए। अफगानिस्तान ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और इसे अंतरराष्ट्रीय तथा इस्लामी सिद्धांतों का उल्लंघन बताया है।

अफगानिस्तान ने इसे शिक्षा पर हमला करार दिया और दुनिया भर के देशों से इस पर ध्यान देने का आग्रह किया।पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव बढने से गंभीर चिंताएं पैदा हो गई है।