मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने आज री-भोई जिले के भोइरिम्बोंग में एरी रेशम प्रसंस्करण इकाई का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य राज्य के पारंपरिक रेशम उद्योग को मजबूत करना और बुनकरों के लिए बेहतर बाजार पहुंच बनाना है। एरी रेशम, जिसे लोकप्रिय रूप से रायंडिया के नाम से जाना जाता है, को 2025 में भौगोलिक संकेत (जीआई) का दर्जा प्राप्त हुआ, क्योंकि इसकी उत्पादन प्रक्रिया अहिंसक है, जिसमें रेशम के कीड़ों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाता है। इस रेशम को अहिंसा रेशम के नाम से भी जाना जाता है।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नई इकाई एरी रेशम के कोकून के संगठित विपणन में मौजूद कमियों को दूर करने और स्थानीय बुनकरों और कारीगरों के लिए आजीविका के अवसर पैदा करने में सहायक होगी। उन्होंने इस पहल को समर्थन देने के लिए प्राइम मेघालय योजना के तहत 35 लाख रुपये की वित्तीय सहायता भी प्रदान की।
श्री संगमा ने कहा कि शिलांग हवाई अड्डे के निकट स्थित भोइरिम्बोंग व्यापार नेटवर्क के विस्तार और मेघालय के एरी रेशम उत्पादों को व्यापक बाजारों में बढ़ावा देने में सहायक होगा।