मई 11, 2026 6:28 पूर्वाह्न

printer

पश्चिम बंगाल के मुख्‍यमंत्री शुभेन्‍दु अधिकारी मंत्रिपरिषद की बैठक की करेंगे अध्‍यक्षता

पश्चिम बंगाल के मुख्‍यमंत्री शुभेन्‍दु अधिकारी आज राज्‍य सचिवालय नबन्‍ना में मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्‍यक्षता करेंगे। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को मुख्‍यमंत्री के साथ पद और गोपनीयता की शपथ लेने वाले पांच मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे की उम्‍मीद है। नए मंत्रिपरिषद की बैठक में भारतीय जनता पार्टी के चुनावी वायदों को लेकर चर्चा करने की संभावना है। बैठक में आयुष्‍मान भारत, अन्‍नपूर्णा भण्‍डार और राज्‍य सरकार के कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग को लागू करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की आशा है।
 
जिला मजिस्‍ट्रेट, पुलिस अधीक्षकों और विभिन्‍न विभागों के सचिवों के साथ प्रशासनिक और कानून व्‍यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा होगी। नवनिर्वाचित विधायकों के भी इस बैठक में शामिल होने की उम्‍मीद है। मुख्‍यमंत्री को सुबह लगभग 11 बजे गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा, जिसके बाद मंत्रिपरिषद की बैठक शुरू होगी।
 
पश्चिम बंगाल विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों को इस हफ्ते बुधवार, बृहस्‍पतिवार और शुक्रवार को शपथ दिलाई जाएगी। भाजपा के वरिष्‍ठ नेता तापस रॉय, कार्यवाहक अध्‍यक्ष के रूप में विधायकों को शपथ दिलाएंगे।