उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना सशक्त और सुशिक्षित युवाओं के माध्यम से ही साकार हो सकती है। श्री राधाकृष्णन ने आज नई दिल्ली में भारतीय जनसंचार संस्थान के 57वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उपराष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय प्रगति का मुख्य ध्वजवाहक बताया। उन्होंने कहा कि देश का विकास बेहतर शिक्षा और युवाओं की क्षमताओं के साथ घनिष्ठ रूप से जुड़ा हुआ है। उपराष्ट्रपति ने महत्वाकांक्षी पत्रकारों और मीडिया पेशेवरों को तैयार करने के प्रति भारतीय जनसंचार संस्थान की अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में तथ्यों को सच्चाई से लिखने और प्रस्तुत करने के माध्यम से राष्ट्र की दिशा को प्रभावित करने की शक्ति है।
इस अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राष्ट्र के विकास में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने शिक्षा में प्रौद्योगिकी की बढ़ती भूमिका का उल्लेख किया।
उपराष्ट्रपति ने इस अवसर पर भारतीय जनसंचार संस्थान परिसर में एक नए शैक्षिक खण्ड और छात्रावास ब्लॉक की आधारशिला भी रखी।
News On AIR | फ़रवरी 27, 2026 10:13 अपराह्न | VP Radhakrishnan
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन: विकसित भारत 2047 का लक्ष्य सशक्त और सुशिक्षित युवाओं से ही साकार होगा