अमरीका के मिनियापोलिस में अमरीकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन-आईसीई के एक एजेंट द्वारा एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए। बुधवार को एक आव्रजन अभियान के दौरान 37 वर्षीय रेनी निकोल गुड की गोली मारकर हत्या के बाद मिनियापोलिस, सिएटल, न्यूयॉर्क, ऑस्टिन और लॉस एंजिल्स में प्रदर्शन शुरू हो गए। हजारों लोग “आईसीई आउट फॉर गुड” के नारे लगाते हुए रैलियों में शामिल हुए। उन्होंने जवाबदेही और आक्रामक आव्रजन प्रवर्तन को समाप्त करने का आह्वान किया। अधिकारियों ने कहा कि इस दौरान 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आईसीई एजेंटों का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने आत्मरक्षा में काम किया।