मई 6, 2026 9:07 पूर्वाह्न

printer

होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की निर्बाध आवाजाही के लिए अमरीका और खाड़ी देशों की ओर से यूएन में नया प्रस्ताव पेश

अमरीका और खाड़ी देशों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित के लिए संयुक्त राष्ट्र में एक नया प्रस्ताव पेश किया है। इस प्रस्ताव में ईरान से जहाजों की आवजाही में बाधा न डालने को कहा गया है। ऐसा न करने पर ईरान को प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ईरान पर जलडमरूमध्य को नियंत्रित करने की कोशिश करके वैश्विक व्यापार को खतरे में डालने का आरोप लगाया है। यह जल मार्ग दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत तेल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण है।

अमरीकी दूत माइक वाल्ट्ज़ ने विश्वास व्‍यक्‍त किया है कि नया, सीमित प्रस्ताव 15 सदस्यीय परिषद में पारित होने के लिए आवश्यक समर्थन प्राप्त कर लेगा। नये प्रस्ताव में बल प्रयोग की भाषा हटा की गई है और मुख्य रूप से प्रतिबंधों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

इस बीच, अमरीका प्रस्ताव पर वीटो न करने के लिए चीन को मनाने के प्रयास कर रहा है। अगले सप्ताह राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की चीन के राष्ट्रपति षी चिनफिंग से मुलाकात होने की संभावना है।