अप्रैल 23, 2026 8:43 अपराह्न | West Bengal

printer

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान पर संतोष व्यक्त किया

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान पर संतोष व्यक्त किया है। हुगली जिले के बालागढ़ और पुरसुराह में आज चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि भारी मतदान से यह साबित होता है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार गिरने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल समर्थित उपद्रवी तत्व लोगों को मतदान करने से रोकने में विफल रहे।

श्री शाह ने मतदाताओं से 29 अप्रैल को दूसरे चरण में फिर से निडर होकर मतदान करने का आह्वान किया। उन्‍होंने कहा कि यदि राज्‍य में भाजपा की सरकार बनती है तो मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर उन्‍होंने पुरसुराह के आलू किसानों की समस्‍याओं का उल्‍लेख किया। श्री शाह ने झारखंड और बिहार को आलू निर्यात पर राज्य सरकार के प्रतिबंध की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बीज उत्पादन सुविधाओं के अभाव के कारण किसान अन्य राज्यों से ऊंचे दामों पर बीज खरीदने के लिए मजबूर हैं। श्री शाह ने वादा किया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो हुगली में एक बीज उत्पादन केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिससे बीजों की कीमतें आधी हो जाएंगी और किसानों को लाभ होगा।