मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजस्व बढोतरी के लिए सभी विभागों को अभिनव प्रयास करने पर जोर दिया है। उन्होंने विभागों को राजस्व के नये स्रोतों पर विशेष ध्यान देने को भी कहा है। सचिवालय में वित्तीय मितव्ययता के संबंध में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कर संग्रहण प्रक्रिया में और अधिक सुधार के साथ ही कर चोरी रोकने के लिए नियमित रूप से कड़े कदम उठाने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदृढ़ वित्तीय प्रबन्धन राज्य सरकार का मूल मंत्र है। राजस्व संसाधनों में वृद्धि के लिए और तेजी से प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए श्री धामी ने राज्य वस्तु एवं सेवा कर, परिवहन, आबकारी, वानिकी और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में राजस्व वृद्धि के लिए विशेष प्रयास करने की जरूरत बताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन योजनाओं में केंद्र का अनुदान नब्बे प्रतिशत और राज्य का अनुदान दस प्रतिशत है, उन्हें प्रदेश में प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में राज्य राजस्व संसाधनों में वृद्धि के लिये किये जा रहे प्रयासों, प्रतिबद्ध और गैर प्रतिबद्ध व्यय की प्रवृत्ति, महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।