अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमरीका और यूरोपीय संघ यह सुनिश्चित करने के लिए एकजुट हैं कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार न हो।सोशल मीडिया पोस्ट में श्री ट्रम्प ने कहा है कि उन्होंने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन के साथ सार्थक बातचीत की और पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की।
श्री ट्रम्प ने कहा कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि अपने लोगों की हत्या करने वाले ऐसे शासन को हथियार प्राप्त करने की अनुमति नहीं होनी चाहिए, जिससे लाखों लोगों की जान जा सकती हो। उन्होंने बताया कि अमरीका और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार को लेकर भी बातचीत हुई।
श्री ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने यूरोपीय संघ से स्कॉटलैण्ड के टर्नबैरी में व्यापार समझौते के अंतर्गत टैरिफ में कटौती से जुड़ी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ को समझौता लागू करने के लिए अमरीका की 250वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ तक का समय दिया गया है। ऐसा न करने पर उच्च टैरिफ लगाए जा सकते हैं।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन ने भी सोशल मीडिया पर बातचीत की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया से जुड़े घटनाक्रमों और क्षेत्रीय साझेदरों के साथ समन्वय पर बातचीत की। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने यूरोपीय संघ और अमरीका व्यापार समझौते की प्रगति की समीक्षा की तथा जुलाई तक टैरिफ कटौती लागू करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।