मई 18, 2026 5:12 अपराह्न

printer

विधि और न्याय मंत्रालय गांधीनगर में ब्रिक्स वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की मेजबानी करेगा

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में विधि और न्याय मंत्रालय कल से गुजरात के गांधीनगर में दो दिन के ब्रिक्स वरिष्ठ अधिकारियों-एस.ओ.एम की बैठक की मेजबानी करेगा। इस बैठक के बाद 21 मई से ब्रिक्स न्याय मंत्रियों की बैठक होगी। विधि और न्याय मंत्रालय ने कहा कि एस ओ एम बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के वरिष्ठ अधिकारी वैकल्पिक विवाद समाधान-एडीआर से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। इन मुद्दों में संस्थागत मध्यस्थता, मध्यस्थता सुधार और वाणिज्यिक और सार्वजनिक क्षेत्र के विवादों में एडीआर की भूमिका शामिल है। चर्चाओं में एडीआर-केंद्रित सुधारों के कार्यान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी। इन्हें ब्रिक्स मंचों में लंबित मामलों को कम करने और समयबद्ध, लागत प्रभावी विवाद समाधानों को बढ़ाने के लिए आदर्श हस्तक्षेप के रूप में रेखांकित किया गया है। ये बैठकें आधुनिक कानूनी प्रणाली सुधार और नागरिकों को सुलभ, त्वरित और किफायती न्याय दिलाने के एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में एडीआर को बढ़ावा देने में भारत के नेतृत्व को रेखांकित करती हैं। बैठकों में पूर्ण सत्र और द्विपक्षीय आदान-प्रदान शामिल होंगे। इनका उद्देश्य ठोस सहयोग पहल, क्षमता निर्माण परियोजनाएं और संस्थागत संबंध स्थापित करना है।