नवम्बर 19, 2025 11:17 पूर्वाह्न | President Anura Kumara Dissanayake | Sri Lanka

printer

देश का राजनीतिक एजेंडा सांप्रदायिक विभाजन से प्रभावित नहीं होगा: श्रीलंका के राष्ट्रपति

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने बताया कि देश का राजनीतिक एजेंडा सांप्रदायिक विभाजन से प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने संसद में कहा कि पराजित राजनीतिक समूह जातीय तनाव भड़काने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि विपक्ष के अन्य स्वरूप अपनी गति खो रहे हैं।

रक्षा और लोक सुरक्षा मंत्रालयों के खर्च पर बहस के दौरान उन्होंने कहा कि कुछ गुट हाल की घटनाओं को सांप्रदायिक विवाद के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं। त्रिंकोमाली में एक बुद्ध प्रतिमा को लेकर हुए विवाद का उदाहरण दिया गया। उन्‍होंने कहा कि अधिकारी पहले से ही अंतर्निहित प्रशासनिक और कानूनी मुद्दों को संभाल रहे हैं।

उन्होंने टकराव की ओर ले जाने वाली घटनाओं का विवरण दिया। 2014 के परमिट के बावजूद यह स्थल लंबे समय से एक कैंटीन के रूप में संचालित हो रहा था। तट संरक्षण विभाग ने बाद में अनधिकृत संरचनाओं को हटाने का आदेश जारी किया। पर्यावरण मंत्रालय में की गई अपील विफल रही, और भिक्षुओं द्वारा अपील न्यायालय का रुख करने के लिए मांगी गई समय-सीमा 14 नवंबर को समाप्त हो गई।

सुरक्षा कारणों से प्रतिमा को कुछ समय के लिए स्थानांतरित किया गया और बाद में सुरक्षा के साथ वापस कर दिया गया। मामला अब अदालत में है, जिसने उचित भूमि सर्वेक्षण पूरा होने तक नए निर्माण और विध्वंस दोनों पर रोक लगा दी है।