मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

अगस्त 11, 2024 12:38 अपराह्न | Closing Ceremony | Paris Olympic 2024

printer

आज रात होगा पेरिस ओलंपिक खेलों का समापन समारोह, एक रजत और पांच कांस्य पदक जीतकर 71वें स्थान पर रहा भारत


लगभग तीन सप्ताह तक चली रोमांचक खेल स्पर्धाओं के बाद आज रात पेरिस ओलंपिक खेल सम्पन्न हो रहे हैं। समापन समारोह भारतीय समयानुसार रात साढ़े 12 बजे शुरू होगा। इस दौरान 80 हजार दर्शकों के स्टेडियम में मौजूद रहने की संभावना है। समापन समारोह में ओलंपिक का ध्वज, 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले अगले ओलंपिक खेलों की आयोजन समिति को सौंपा जाएगा।

इस ओलंपिक में भारत ने एक रजत और पांच कांस्य पदक जीतकर 71वां स्थान हासिल किया। मनु भाकर ने कांस्य पदक जीतकर इस ओलंपिक में भारत को पहला पदक दिलाकर इतिहास रचा। वह ओलंपिक निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली महिला हैं। उन्होंने सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर की मिक्सड टीम एयर पिस्टल स्पर्धा में एक और कांस्य पदक जीतकर एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली महिला होने के नाते एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। स्वप्निल कुसाले ने निशानेबाजी में तीसरा पदक जीता। हॉकी में भारतीय पुरुष टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। नीरज चोपड़ा ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीता। भारत के उभरते हुए पहलवान अमन सहरावत 57 किलोग्राम फ्री स्टाइल श्रेणी में कांस्य पदक जीतकर ओलंपिक में पदक जीतने वाले भारत के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने।

चीन ने 39 स्वर्ण, 27 रजत और 24 कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। अमरीका 38 स्वर्ण, 42 रजत और 42 कांस्य पदकों के साथ दूसरे तथा ऑस्ट्रेलिया 18 स्वर्ण, 18 रजत और 18 कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।