भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल में परिवर्तन का आह्वान किया। श्री शाह ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी और राशबेहारी, बालीगंज और चौरंगी विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में कोलकाता में एक रोड शो किया। सभा को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, घुसपैठ और उसके कारण जनसांख्यिकीय परिवर्तन पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए एक बुरा सपना बन गया है।
उन्होंने बंगाल के लोगों से निडर होकर मतदान करने का आग्रह किया। इस बीच, पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने राशबेहारी, बालीगंज और चौरंगी विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा उम्मीदवारों के साथ आज अपना नामांकन दाखिल किया। 142 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना आज जारी हुई। इस चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल है, जबकि मतदान 29 अप्रैल को होगा।
पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 30 मार्च को शुरू हुई। पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल है और कुल 152 विधानसभा क्षेत्रों में 23 अप्रैल को मतदान होगा।