महाराष्ट्र में नासिक स्थित विशेष जांच दल-एसआईटी राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकनकर से स्वघोषित धर्मगुरु अशोक खरात से कथित संबंधों के सिलसिले में पूछताछ कर रहा है। एसआईटी का गठन अशोक खरात के खिलाफ दुष्कर्म के आरोपों और उनके राजनीतिक संबंधों की जांच के लिए किया गया है।
पुलिस अधिकारी तेजस्वी सतपुते के नेतृत्व में एसआईटी की जांच आज नासिक में महाराष्ट्र पुलिस अकादमी में शुरू हुई। यह जांच खरात के शिवानिका ट्रस्ट में चाकनकर की कथित भूमिका और उनके खिलाफ मामलों को दबाने के लिए पुलिस अधिकारियों पर संभावित प्रभाव डालने के आरोपों से संबंधित है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि चाकनकर ने पहले निजी कारणों का हवाला देते हुए एसआईटी के समन का उल्लंघन किया था। खबरों के अनुसार उन्होंने राज्य महिला आयोग और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महिला शाखा में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।