मई 8, 2026 5:05 अपराह्न

printer

बांग्‍लादेश में रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती मनाई जा रही है

बांग्‍लादेश में आज नोबेल पुरस्कार विजेता कवि रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती मनाई जा रही है। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही हैं। इस कार्यक्रम में साहित्य, संगीत और मानवतावादी में उनके अमिट योगदान को याद किया जा रहा है। श्री टैगोर का जन्‍म आज  ही के दिन 1861 में कोलकाता के जोरासांको ठाकुर बारी में हुआ था।

श्री टैगोर को 1913 में अपनी प्रसिद्ध कृति गीतांजलि के लिए साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्‍मानित किया गया था। उनकी प्रसिद्ध साहित्यिक कृतियों में गोरा, चोखेर बाली और शेषेर कोबिता शामिल हैं। संस्कृति मंत्रालय ने रवींद्रनाथ: शांति और मानवता के कवि विषय पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन उनके निवास स्‍थान शिलाइदाहा कुठीबारी में किया गया। इस समारोह का उद्घाटन सांस्‍कृतिक मामलों के सलाहकार निताई रॉय चौधरी की उपस्थिति में हुआ। प्रधानमंत्री के सांस्कृतिक सलाहकार जाहिद उर रहमान भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बांग्लादेश शिल्पकला अकादमी ने रवींद्र संगीत, नृत्य प्रदर्शन, कविता पाठ और चर्चाओं के साथ चार दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव का भी आयोजन किया, जबकि बांग्ला अकादमी और छायानाट ने संयुक्त रूप से ढाका में विशेष रवींद्र समारोह का आयोजन किया।

देश भर के शैक्षणिक संस्थानों ने भी निबंध प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और चर्चाओं के माध्यम से इस दिवस को मनाया।