मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

जुलाई 10, 2024 10:29 पूर्वाह्न | Austria | narendra modi

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विएना में ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर से बातचीत करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो देशों की यात्रा के दूसरे चरण में रूस के बाद ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना पहुंच गए हैं। श्री मोदी के आगमन पर भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उनका हार्दिक स्वागत किया। 41 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ऑस्ट्रिया की यह पहली यात्रा है। प्रधानमंत्री रूस की दो दिन की यात्रा के बाद मास्को से ऑस्ट्रिया पहुंचे हैं। उन्‍होंने मास्को में राष्ट्रपति पुतिन के साथ 22वें भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लिया।

 

श्री मोदी का ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलेन से मुलाकात करने और ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर के साथ बातचीत का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री और चांसलर नेहमर भारत और ऑस्ट्रिया के कारोबारियों को भी संबोधित करेंगे। श्री मोदी विएना में भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ भी बातचीत करेंगे।

 

कल रात श्री मोदी ने ऑस्ट्रिया के चांसलर द्वारा आयोजित रात्रिभोज में हिस्सा लिया। सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रधानमंत्री मोदी ने हार्दिक स्वागत के लिए चांसलर नेहमर का आभार व्‍यक्‍त किया। श्री मोदी ने कहा कि वे आज होने वाली बातचीत में हिस्सा लेने को उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश वैश्विक कल्‍याण के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

 

ऑस्ट्रिया की यात्रा से पहले रविवार को श्री मोदी ने कहा था कि दोनों देश लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन की बुनियाद पर निरंतर भागीदारी सुदृढ करेंगे।