प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार 9 सितम्बर को बाढ़ग्रस्त राज्य पंजाब का दौरा करेंगे। वे वहां की मौजूदा स्थिति का व्यक्तिगत तौर पर जायजा लेंगे और सीमावर्ती राज्य को सहायता प्रदान करने के लिए जमीनी वास्तविकताओं को समझेंगे।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़़ ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस यात्रा की पुष्टि की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राज्य में बाढ़ की स्थिति को लेकर काफी चिंतित है और इसकी निकटता से निगरानी कर रहे हैं।
इस बीच, पंजाब की स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आ रही है। राज्य में अभी तक 46 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। राज्य के लोग सेना, सीमा सुरक्षा बल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के विशेषज्ञों के साथ मिलकर राहत और बचाव अभियानों में एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं। बाढ़ से लगभग दो हजार गांवों और तीन लाख 87 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के ‘माई भारत आपदा मित्र’ के सैकड़ों लोग बाढ़ प्रभावित जिलों के स्थानीय समुदायों को समर्थन भी दे रहे हैं।
राज्य सरकार ने जिलों की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए मंगलवार से सभी शैक्षणिक संस्थानों को खोलने की घोषणा की है।