अप्रैल 13, 2026 9:40 अपराह्न

printer

देश में लोकतंत्र मजबूत करने की दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम समय पर लागू होना चाहिए: प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत की नारी शक्ति अपने दृढ़ साहस, आत्‍मविश्‍वास और मेहनत के दम पर लगातार नई ऊंचाइयां छू रही हैं। उन्होंने सभी से महिलाओं को सशक्त बनाने और अवसरों का विस्तार करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। नई दिल्ली में आज नारी शक्ति वंदन को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत 21वीं सदी में महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक बड़ा निर्णय लेने जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि संसद नया इतिहास रचने जा रही है, जिसमें भूत और भविष्‍य की महत्‍वकांक्षाओं को पूरा किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राज्‍य विधासभाओं से लेकर संसद तक दशकों से हुए विलंब का 16,17 और 18 अप्रैल को अंत होगा। उन्‍होंने कहा कि वर्ष 2023 में नवनिर्मित संसद भवन में सरकार ने पहला कदम नारी शक्ति वंदन अधिनियम के रूप में लिया था। जिससे इसे समयपूर्वक लागू किया जा सके। 
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में महिला आरक्षण, अति-आवश्यक है। श्री मोदी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी, लोकतंत्र को मजबूत करती है। उन्‍होंने कहा कि स्‍वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान सभा के निर्णयों तक भारत की महिलाओं ने स्‍वतंत्र भारत की नींव डालने में महत्‍वपूर्ण योगदान दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब-जब भी महिलाओं ने देश में प्रधानमंत्री और राष्‍ट्रपति के रूप में जिम्‍मेदारी निभाई है, तब-तब उन्‍होंने अपनी खास विरासत का निर्माण किया। उन्‍होंने कहा कि महिलाओं ने देश के सम्‍मान और गरिमा को बढ़ाया है। श्री मोदी ने कहा कि पंचायती राज संस्‍थान महिला नेतृत्‍व का उत्‍कृष्‍ट उदाहरण है। उन्‍होंने कहा कि वर्तमान में 14 लाख से अधिक महिलाएं स्‍थानीय, सार्वजनिक निकायों में सेवाएं दे रही हैं। श्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 से एन.डी.ए सरकार ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी  योजनाएं सफलतापूर्वक लागू की हैं।   
 
महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम, महिला सशक्तिकरण, आत्मसम्मान और लोकतांत्रिक भागीदारी को सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां राष्ट्र के विकास पथ की ध्वजवाहक बन रही हैं। उन्‍होंने कहा कि भारतीय महिलाएं विश्‍वपटल पर एक नई पहचान बना रही हैं। श्रीमती अन्‍नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ संकल्प के कारण ही यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में परिवर्तन, वास्तविकता में बदल पाया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत की अवधारणा, महिला के सशक्तिकरण के माध्यम से ही पूरी होगी।
 
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, देश को विकास पथ पर आगे ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं ने अपने ही देश में सम्मान और समान अधिकार प्राप्त करने के लिए लंबा संघर्ष किया है। श्रीमति गुप्ता ने कहा कि भारत आज बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटी बढ़ाओ के युग में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सभी नीतियों और योजनाओं के केंद्र में महिलाओं को रखा है। श्रीमती गुप्‍ता ने कहा कि आज करोड़ों जन धन खातों के माध्यम से महिलाएं, मुख्यधारा से जुड़ रही हैं।