दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ दो हफ्ते शेष हैं। भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच कई मुद्दों पर जुबानी जंग तेज हो गई है। विधानसभा की 70 सीटों के लिए नामांकन वापस लेने का आज अंतिम दिन है।
भाजपा ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है। आज नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और संसद हमले के मामले में अफजल गुरु को फांसी दिए जाने के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का एक ही पक्ष है। श्री ठाकुर ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार के अंतर्गत भाजपा ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।
इस बीच आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा की संपत्ति में हाल के वर्षों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। पार्टी नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता की संपत्ति में उल्लेखनीय वृद्धि पारदर्शिता की कमी को दर्शाती है।
दूसरी ओर, कांग्रेस ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर खोखले वायदे करने का आरोप लगाया है। संवादाताओं से बातचीत करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में जो भी काम हुआ है, वह कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की देन है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवार और नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में प्रचार कर रहे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान पांच फरवरी को होगा और मतगणना 8 फरवरी को होगी।