उत्तर रेलवे ने जम्मू और कटरा स्टेशनों से आने-जाने वाली 68 ट्रेनों को 30 सितंबर तक रद्द करने की घोषणा की है। 24 ट्रेनों का परिचालन फिर शुरू किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश और अचानक आई बाढ़ के बाद पठानकोट-जम्मू सेक्शन में कई स्थानों पर पिछले आठ दिनों से जम्मू रेलवे डिवीजन में रेल यातायात स्थगित है। 26 अगस्त से जम्मू क्षेत्र में तेज बारिश के कारण बड़ी संख्या में लोग, खासकर तीर्थयात्री, फंस गए थे। बारिश के कारण रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है।
जम्मू क्षेत्र में वर्ष 1910 के बाद से सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। फंसे हुए यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए जम्मू तवी-श्री माता वैष्णो देवी कटरा शटल सेवाएं, जम्मू तवी-कोलकाता और श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली ट्रेनें चलाई जा रही हैं। जम्मू-कटरा सेक्शन पर शटल सेवा के लिए चार ट्रेनें शामिल की गई हैं, जो 1 से 15 सितंबर तक चलेंगी। रेलवे ने संपर्क क्रांति और सियालदह एक्सप्रेस, क्रांति एक्सप्रेस, वंदे भारत, त्रिवेंद्रम एक्सप्रेस और शटल सेवाओं का संचालन बहाल कर दिया है। जम्मू और कटरा के बीच स्थानीय लोगों और फंसे हुए यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए दो ट्रेनों के साथ शटल सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। जम्मू-कोलकाता और वैष्णो देवी-नई दिल्ली ट्रेनें भी चल रही हैं। वंदे भारत ट्रेन 7 सितंबर से फिर से चलेगी।