सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर बुधवार को हुए उपचुनाव में अब तक तीन नतीजे प्राप्त हुए हैं। पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने जालंधर पश्चिम आरक्षित विधानसभा सीट जीत ली है। हिमाचल प्रदेश से सत्तासीन कांग्रेस ने देहरा सीट पर कब्जा कर लिया है। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने रायगंज सीट जीती है। अभी छह राज्यों की 10 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना जारी है।
पंजाब की जालंधर पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने 37 हजार 325 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्होंने निकटवर्ती भाजपा उम्मीदवार शीतल अंगुराल को हराया। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश ठाकुर ने भाजपा के होशियार सिंह को 9 हजार 399 वोटों से पराजित किया। पश्चिम बंगाल में रायगंज से कृष्णा कल्याणी ने भाजपा के मानस कुमार घोष को 36 हजार 402 वोटों से हराकर विधानसभा सीट हासिल की।
इस बीच, हिमाचल में कांग्रेस उम्मीदवार हरदीप सिंह बावा नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से आगे चल रहे हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार आशीष शर्मा हमीरपुर सीट पर आगे हैं।
पश्चिम बंगाल में उपचुनाव वाली बाकी तीन विधानसभा सीटों पर तृणमूल कांग्रेस आगे चल रही है। रानाघाट दक्षिण से मुकुट मणि अधिकारी, बागदा से मधुपर्णा और मानिकतला विधानसभा क्षेत्र से सुप्ति पांडे बढ़त पर हैं।
बिहार में सातवें दौर की गिनती खत्म होने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह एक हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। उत्तराखंड की बद्रीनाथ और मंगलौर सीटों पर कांग्रेस आगे है। मध्य प्रदेश के अमरवाड़ा में भी कांग्रेस ने बढ़त बना रखी है।
तमिलनाडु में विक्रवांडी विधानसभा उपचुनाव में डीएमके भारी अंतर से आगे चल रही है। डीएमके के अन्नियुर शिवा अपने पीएमके प्रतिद्वंद्वी सी. अंबुमणि से 40 हजार से ज्यादा वोटों से आगे हैं।