केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया है कि कर्नाटक को इस केंद्रीय बजट में रेल परियोजनाओं के लिए 7 हजार 7 सौ 48 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। यह धनराशि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन – यूपीए सरकार के समय के आवंटन से नौ गुना अधिक है। बेंगलुरु में आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि राज्य में रेलवे नेटवर्क के उन्नयन, सुरक्षा सुविधाओं को लागू करने और अमृत भारत कार्यक्रम के तहत 61 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए कुल 52 हजार 9 सौ 50 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। बेंगलुरु और चेन्नई तथा बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच हाई-स्पीड रेल की घोषणा से बडी अर्थव्यवस्थाओं के साथ जुडकर इन तीनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम हो जाएगा। श्री वैष्णव ने बताया कि 7 हजार किलोमीटर हाई-स्पीड रेल की योजना है। इसके तहत चार हजार किलोमीटर की घोषणा पहले ही पूरे देश में की जा चुकी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बेंगलुरु-मंगलुरु रेलवे लाइन के घाट खंड का विद्युतीकृत हो चुका है और सुरक्षा परीक्षण और प्रमाणन के बाद दोनों शहरों के बीच ट्रेनों के संचालन की समय सारिणी जल्द ही घोषित की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि ट्रेन सेटों का निर्माण शुरू होते ही वंदे भारत रेल सेवाओं की संख्या में वृद्धि होगी। बेंगलुरु के उपनगरीय रेल परियोजना के बारे में श्री वैष्णव ने बताया कि चार कॉरिडोर पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।
News On AIR | फ़रवरी 7, 2026 7:24 अपराह्न | Karnataka
कर्नाटक को रेल परियोजनाओं के लिए 7,748 करोड़ रुपये का बजटीय आवंटन: केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव